Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

गाजियाबाद में डीजल-पेट्रोल की कमी पर बोले जिलाधिकारी: घबराने की जरूरत नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

गाजियाबाद में डीजल-पेट्रोल की कमी पर बोले जिलाधिकारी: घबराने की जरूरत नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

गाजियाबाद: जनपद में डीजल-पेट्रोल और सीएनजी की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने साफ कहा है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी भी पेट्रोल पंप पर सप्लाई प्रभावित नहीं है।

इस संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलापूर्ति अधिकारी एवं विभिन्न तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कंपनियों से ईंधन के स्टॉक की जानकारी ली गई, जिसमें यह पुष्टि हुई कि जनपद के किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं है और सभी स्थानों पर नियमित आपूर्ति जारी है।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल, डीजल या सीएनजी का भंडारण न करें और पेट्रोल पंपों पर बेवजह भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से ईंधन की कमी को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों से दूर रहें और जिम्मेदारी का परिचय दें।

कालाबाजारी और भंडारण पर सख्त चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डीजल, पेट्रोल या सीएनजी का अनाधिकृत भंडारण, डायवर्जन या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को “नो हेलमेट, नो फ्यूल” नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खुले बर्तनों में ईंधन की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

जिलेभर में निगरानी और छापेमारी तेज

आपूर्ति विभाग की टीमें जिले की सभी तहसीलों और क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए छापेमारी कर रही हैं। सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी ईंधन की कालाबाजारी या अवैध भंडारण न हो।

author

Related Articles

error: Content is protected !!