महराजगंज: मानसून की दस्तक से पहले महराजगंज प्रशासन ने संभावित बाढ़ संकट से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से जमीनी निरीक्षण किया।

प्रशासनिक टीम ने थाना बरगदवा क्षेत्र के महाव नाला, ठूठीबारी क्षेत्र स्थित चंदन नदी पुल और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों का दौरा कर वहां की भौगोलिक स्थिति, जल निकासी व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंधों की मजबूती, जलभराव की संभावनाओं और आपदा के समय राहत कार्यों की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए नाव, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
भारत-नेपाल सीमा के समीप बसे गांवों का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने स्थानीय हालात की जानकारी प्राप्त की और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने एवं आवागमन व्यवस्था को बाधित न होने दिया जाए।
प्रशासन ने साफ किया कि आगामी बारिश के मौसम में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी विभाग अलर्ट मोड में रहेंगे और राहत-बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


