गाजियाबाद: वर्षों से अपने ही मकान के लिए दर-दर भटक रहे एक गरीब परिवार को आखिरकार न्याय मिल गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के हस्तक्षेप के बाद अवैध कब्जे में फंसे मकान को मात्र 24 घंटे के भीतर मुक्त कराकर पीड़ित परिवार का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पीड़ित ईश्वर पटेल ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पिता विधासागर पटेल ने वर्ष 2004 में विजयनगर क्षेत्र के सजवान नगर में 60 वर्ग गज का प्लॉट खरीदकर उसकी वैध रजिस्ट्री कराई थी। बाद में परिवार ने वहां मकान बनाकर निवास शुरू किया और वर्ष 2021 तक शांतिपूर्वक रह रहा था।
इसी दौरान परिवार के मुखिया की तबीयत बिगड़ने पर उनका इलाज दिल्ली में चलने लगा। आरोप है कि इस स्थिति का फायदा उठाते हुए कुछ भू-माफियाओं ने मकान पर अवैध कब्जा कर लिया। पीड़ित परिवार ने कई दफ्तरों के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली।
डीएम से गुहार लगाते ही हरकत में आया प्रशासन
ईश्वर पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के बारे में सुनने के बाद उन्होंने उनसे न्याय की उम्मीद में संपर्क किया। पहले प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके बाद सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरी आपबीती सुनाई गई और मकान को कब्जामुक्त कराने की मांग की गई।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। अधिकारियों ने अभिलेखों, रजिस्ट्री दस्तावेजों और मौके की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया। जांच में शिकायत सही मिलने पर प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकान को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासन की मौजूदगी में हुआ गृह प्रवेश
कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को दोबारा मकान का कब्जा सौंपा गया। परिवार का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया, जिससे वर्षों से परेशान परिवार के चेहरे पर राहत और खुशी दिखाई दी।
गरीबों की जमीन हड़पने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने साफ कहा कि गरीब, कमजोर और असहाय लोगों की संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अभियान चलाकर गरीबों के मकान और जमीनों को कब्जामुक्त कराएगा तथा वास्तविक हकदारों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा।
मुनादी कर दी गई सख्त चेतावनी
कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने क्षेत्र में मुनादी कराकर भू-माफियाओं एवं अवैध कब्जाधारियों को सख्त संदेश दिया। चेतावनी दी गई कि किसी की जमीन, मकान या संपत्ति पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हमारे लिए संकटमोचन बनकर आए डीएम
पीड़ित ईश्वर पटेल ने प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से उनका परिवार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन उन्हें कहीं राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई से उन्हें दोबारा अपना घर मिल सका।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि “हमें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हमारी वर्षों पुरानी पीड़ा खत्म हो गई हो। जिलाधिकारी हमारे लिए संकटमोचन बनकर आए हैं।”
इस दौरान उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अरुण दीक्षित, राजस्व विभाग के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद रहे।


