Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

मां के ब्रह्मभोज में खून-खराबा, भाई ने भाई को गोली से उड़ाया, गोरखपुर में मची सनसनी

मां के ब्रह्मभोज में खून-खराबा, भाई ने भाई को गोली से उड़ाया, गोरखपुर में मची सनसनी

गोरखपुर: जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मां के ब्रह्मभोज के दौरान खर्च को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, परिवार में मां की तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच ब्रह्मभोज के खर्च और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया।

आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) पर गोली चला दी। गोली शुभम के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिवार के लोग उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। वहीं, गुस्से और तनाव के माहौल में मझले भाई ने मृतक की स्कूटी पर फावड़े से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

शादी से पहले उजड़ गए सपने

मृतक शुभम की करीब एक महीने पहले मई में सगाई हुई थी, जबकि फरवरी 2027 में उसकी शादी तय थी। युवक की मौत की खबर सुनकर उसकी मंगेतर भी गांव पहुंची। मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल था। उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के चार भाई दुर्गविजय, श्यामू, सोनू और सबसे छोटा शुभम मिलकर मां के ब्रह्मभोज की तैयारियों में जुटे थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मां के निधन के गम में डूबा परिवार एक और ऐसी त्रासदी का शिकार हो जाएगा।

मां के ब्रह्मभोज के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!