कुशीनगर: तहसील तमकुहीराज क्षेत्र में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर ग्रामीण महिलाओं में नाराजगी और चिंता का माहौल देखने को मिला। शनिवार को क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के कारण घरेलू बजट पर पड़ रहे असर को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और सरकार से राहत की मांग की।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर बिहार सीमा से सटे सलेमगढ़ बाजार में 1023 रुपये में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 994 रुपये थी। महिलाओं का कहना है कि बीते तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़े हैं। इससे पहले मार्च माह में भी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि की गई थी, जिससे आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हुआ है।
महिलाओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने रसोई का संतुलन बिगाड़ दिया है। दाल, तेल, सब्जी और अन्य जरूरी खाद्य पदार्थों के महंगे होने से अब घर का खर्च चलाना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कई परिवारों को अपने खानपान में कटौती करनी पड़ रही है, जिससे पोषण और बचत दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से आम जनता के हित में महंगाई नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान शिक्षिका जाहिदा बानो, नूतन देवी, ज्ञांति देवी, पूनम देवी, सीमा देवी, नीलम देवी, रेहाना खातून, विभा देवी, अनुष्का देवी, खुशबू देवी, शिखा कुमारी, सान्या कुमारी, रश्मि कुमारी सहित कई महिलाओं ने बढ़ती महंगाई पर अपनी राय साझा की और घरेलू समस्याओं को खुलकर रखा।


