Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

गाजियाबाद पुलिस का ऑपरेशन क्लीन अभियान, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी हुई और सख्त, सैकड़ों अपराधी रडार पर

गाजियाबाद पुलिस का ऑपरेशन क्लीन अभियान, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी हुई और सख्त, सैकड़ों अपराधी रडार पर

गाजियाबाद: पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत थाना लोनी क्षेत्र में अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बड़ी संख्या में पंजीकृत अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

यह अभियान पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय केशव कुमार चौधरी के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीमों ने थाना लोनी क्षेत्र में अभियान को अंजाम दिया।

पुलिस द्वारा यक्ष एप पर पंजीकृत अपराधियों का सत्यापन किया गया, जिसके तहत 978 अपराधियों का भौतिक सत्यापन संपन्न हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक थाना लोनी क्षेत्र में इस अभियान के तहत कुल 2049 अपराधियों का सत्यापन किया जा चुका है।

अभियान के दौरान लूट, हत्या, स्नैचिंग और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के वर्तमान निवास, रोजगार, गतिविधियों एवं अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई। पूर्व में शरीर एवं संपत्ति से जुड़े अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा कर उन पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति पुनः अपराध में शामिल पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!