Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

मोहर्रम को लेकर थाना मिलक खानम में पीस कमेटी की बैठक, पुलिस प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मोहर्रम को लेकर थाना मिलक खानम में पीस कमेटी की बैठक, पुलिस प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रामपुर: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना मिलक खानम परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के ताजियादारों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार पांडेय एवं थाना अध्यक्ष नरेश कुमार ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें।

क्षेत्राधिकारी ने कहा कि प्रशासन मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।

बैठक में ग्राम पंचायत हाशमी नगर के प्रधान शेर सिंह, ग्राम प्रधान शहजाद तौफीक, ग्राम प्रधान बमना इनकार अली, ग्राम पंचायत प्रधान सुभान अली, कुम्हारिया प्रधान फिरसत अली, पत्रकार मोहम्मद सईद सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

error: Content is protected !!