महराजगंज: नौतनवां-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर स्थित असुरैना चौराहे के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से आ रही दो बाइकों की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार भी चोटिल हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महरी निवासी लक्ष्मन पुत्र रामबृक्ष (25) अपनी बाइक से किसी काम से बरगदवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ग्राम पंचायत विशुनपुरा निवासी संजय पुत्र सुन्नर (21) की बाइक से असुरैना चौराहे पर अचानक टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में लक्ष्मन को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से फ़ोन पर बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


