बुलंदशहर: सलेमपुर थाना क्षेत्र के कैलावन गांव के पास मेरठ-बदायूं हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और घरेलू सामान से लदी पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत ने तीन लोगों की जिंदगी पल भर में बदल दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में बैठे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान गोलू पुत्र सर्वेश निवासी निताई नगला, थाना उसहैत (बदायूं) की मौत हो गई।
अन्य घायलों की पहचान राजीव पुत्र दयाराम एवं शिवम उर्फ मंगला पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक गोलू के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
सलेमपुर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहन हाईवे पर आमने-सामने से भिड़े, जिसमें तीन लोग गंभीर घायल हुए थे। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।


