कुशीनगर: जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें घर से शौच के लिए निकली एक महिला की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 दिसंबर बुधवार की भोर में हाटा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोरटप मधवापुर निवासी बेचू चौहान की लगभग 40 वर्षीय पत्नी रीता देवी शौच के लिए मधवापुर–ढाढ़ा नहर मार्ग की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रीता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे महिला का शव देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हाटा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में हाटा कोतवाल रामसहाय चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


