गाजियाबाद: जनपद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपुरा तिराहे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साहिबाबाद की ओर जा रहा सिलिंडर से भरा एक भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही टीलामोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


