गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश शासन के समाज कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने शनिवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन, छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, आवास सहायता सहित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं पात्र वर्गों तक योजनाओं की पहुँच को समयबद्ध, पारदर्शी और परिणाम आधारित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
असीम अरुण ने पात्र लाभार्थियों की पहचान में तेजी लाने और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे स्थानीय स्तर की समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाकर सहयोगात्मक वातावरण तैयार करें।
बैठक में विधायक संजीव शर्मा, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माॅंदड़, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


