नई दिल्ली: आज कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 का हाई-वोल्टेज मैच खेला जाएगा। मंच होगा आर. प्रेमदासा स्टेडियम, जहां हर गेंद पर रोमांच और हर ओवर में दबाव देखने को मिलेगा।
दोनों टीमें इस वक़्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर भारत और पाकिस्तान के खाते में 4-4 अंक हैं। ग्रुप-ए की अंकतालिका में भारत पहले और पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है। सुपर-8 में सीधी दावेदारी तय करने के लिहाज़ से यह मुकाबला निर्णायक माना जा रहा है।

कोलंबो में भारत का दमदार इतिहास
कोलंबो का आर. प्रेमदासा स्टेडियम भारतीय टीम के लिए हमेशा से खुशकिस्मत रहा है। यहां भारत ने अब तक 15 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिसमें 11 जीत और सिर्फ 4 हार है। 2012 T20 वर्ल्ड कप में इसी मैदान पर भारत ने पाकिस्तान को 128 रन पर समेट दिया था।
उस मैच में भारत ने 129 रनों का लक्ष्य महज़ 17 ओवर में हासिल कर 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस ऐतिहासिक मुकाबले में विराट कोहली की धमाकेदार पारी आज भी फैंस के ज़ेहन में है।
पाकिस्तान भी किसी से कम नहीं
कोलंबो की पिच पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड भी मज़बूत रहा है। यहां खेले 7 टी20 मैचों में पाकिस्तान ने 5 में जीत दर्ज की है। श्रीलंका को तीन बार हराने के अलावा ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी ताक़तवर टीमों को भी पाकिस्तान इसी मैदान पर शिकस्त दे चुका है। मतलब साफ है कि मुकाबला बराबरी का है।
आज क्या होगा खास?
कोलंबो की तेज़ आउटफील्ड, स्पिनरों को मदद और रात के मैच का दबाव, सब मिलकर इस मुकाबले को और भी रोमांचक बनाएंगे। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमें यहां दम रखती हैं। ऐसे में हर रन, हर विकेट और हर कैच मैच की तस्वीर बदल सकता है।
नतीजा जो भी हो, लेकिन इतना तय है कि आज (15 फरवरी) की रात क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बनने वाली है क्योंकि जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हों, तो मुकाबला नहीं महाकाव्य बन जाता है।


