लखनऊ: राजधानी के लोगों के लिए इस फेस्टिव सीजन में घर खरीदने का बेहतरीन मौका है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के अवसर पर ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ के तहत फ्लैट खरीदने वालों को 1 से 2 लाख रुपये तक की सीधी छूट देने का ऐलान किया है। यह विशेष ऑफर 22 सितंबर से 22 अक्तूबर तक यानी पूरे एक माह के लिए मान्य होगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर खोले गए इस ऑफर में, खरीदारों को पहले से दी जा रही सभी प्रकार की छूट भी मिलेंगी।
ऐसे मिलेगी छूट
20 लाख से 50 लाख रुपये कीमत के फ्लैट पर- ₹1 लाख छूट
50 लाख से 75 लाख रुपये कीमत के फ्लैट पर- ₹1.50 लाख छूट
75 लाख रुपये से अधिक कीमत के फ्लैट पर- ₹2 लाख छूट
साथ ही, यदि खरीदार 45 से 90 दिनों के अंदर फ्लैट की पूरी धनराशि जमा करता है तो उन्हें 03 से 06 प्रतिशत तक की अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी।
500 से 1900 वर्गफुट तक के फ्लैट उपलब्ध
एलडीए की योजनाओं में इस समय 01 बीएचके, 02 बीएचके और 03 बीएचके फ्लैट उपलब्ध हैं।
क्षेत्रफल: 500 से 1900 वर्गफुट तक
कीमत: 22 लाख रुपये से 1.08 करोड़ रुपये तक
सरकारी कर्मचारियों को फ्लैट की कीमत का 25% और सामान्य नागरिकों को 35% भुगतान करने पर हायर पर्चेज एग्रीमेंट के तहत फ्लैट का कब्जा भी मिल सकेगा।
इन योजनाओं में मिलेंगे फ्लैट
गोमती नगर योजना
जानकीपुरम योजना
प्रियदर्शिनी योजना (सीतापुर रोड)
अलीगंज योजना
कानपुर रोड योजना
देवपुर पारा योजना
शारदा नगर योजना
इस ऑफर के तहत कोई भी व्यक्ति, सुलभ आवास और EWS योजना को छोड़कर, एक से अधिक फ्लैट भी खरीद सकता है।


