Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

परशुराम जयंती पर महराजगंज हुआ भक्तिमय, हर तरफ दिखा आस्था का रंग, यादगार बनी शोभायात्रा

परशुराम जयंती पर महराजगंज हुआ भक्तिमय, हर तरफ दिखा आस्था का रंग, यादगार बनी शोभायात्रा

महराजगंज: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र में भगवान श्री परशुराम जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। रविवार को क्षेत्र का वातावरण ‘जय परशुराम’ के गगनभेदी नारों और केसरिया ध्वजों से भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के हजारों लोगों ने एकजुट होकर अपनी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रभावशाली परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऐतिहासिक पड़ियाताल मंदिर से हुआ, जहां मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा को रवाना किया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकली यह भव्य शोभायात्रा ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग के विभिन्न गांवों से गुजरते हुए नगर पहुंची।

यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सिर पर साफा और हाथों में ध्वज लिए युवा, बुजुर्ग और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरा मार्ग भक्ति, ऊर्जा और उल्लास से सराबोर नजर आया।

शोभायात्रा का समापन बनैलिया स्थित परशुराम मंदिर पर हुआ, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से महायज्ञ और हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने भगवान परशुराम को शस्त्र और शास्त्र के समन्वय का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हुए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।

इस दौरान श्रीराम आधार दुबे, ज्वाला प्रसाद शुक्ला, नरसिंह पाण्डेय, दीपक पाण्डेय, भोलेंद्र मिश्रा, दीपक त्रिपाठी, राजन पाण्डेय, गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विजय शुक्ला, राजू दुबे, मस्तु पाण्डेय, मिथलेश कुमार पाण्डेय, इंदल तिवारी, पंकज चौबे सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!