लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। यह सूची चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद प्रदेश की मतदाता सूची से 2 करोड़ 89 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि SIR के बाद अब उत्तर प्रदेश में कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता दर्ज हैं। पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे नाम सामने आए, जो मृत व्यक्तियों, स्थानांतरित मतदाताओं या एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण में 46 लाख मतदाता मृत पाए गए, जबकि 2.17 करोड़ लोग स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके थे, जिसके कारण उनके नाम हटाए गए। इसके अलावा 25.47 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए, जिन्हें डुप्लीकेट मानते हुए सूची से हटाया गया।
रिणवा ने बताया कि करीब 15 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से हस्ताक्षर कर फॉर्म भरे। पुरानी मतदाता सूची के लगभग 81 प्रतिशत मतदाताओं ने फॉर्म वापस किया, जबकि 18 प्रतिशत लोगों ने फॉर्म जमा नहीं किया, जिससे उनके नाम हटाने की कार्रवाई की गई।
ड्राफ्ट सूची के अनुसार सबसे अधिक नाम लखनऊ जिले में 12 लाख, प्रयागराज में 11.56 लाख और कानपुर नगर में 9 लाख काटे गए हैं। इसके अलावा आगरा में 8.36 लाख, गाजियाबाद में 8.18 लाख, बरेली में 7.14 लाख, गोरखपुर में 6.45 लाख, सीतापुर में 6.23 लाख और जौनपुर में 5.89 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में है लेकिन नाम, पता या अन्य विवरण गलत है, तो वह संबंधित बीएलओ कार्यालय में जाकर आपत्ति दर्ज करा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा। मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम देखने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट eci.gov.in पर जाकर Search Your Name in E-Roll विकल्प के माध्यम से अपना EPIC नंबर और राज्य का नाम दर्ज कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


