लखनऊ: राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरदोई से लखनऊ आ रही कैसरबाग डिपो की बस (UP78 LN 1340) अचानक सामने आए दो बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर करीब 45 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा शाम लगभग 7 बजे हुआ।
घटना में अब तक 5 यात्रियों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारी भी उनके आदेश पर अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की घोषणा की है।


