महराजगंज: नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र में श्रीनगर से शिवपुरी को जोड़ने वाली करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क पिछले लगभग बीस वर्षों से मरम्मत के अभाव में बदहाल पड़ी है। सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और गिट्टियां बिखरी होने से वाहन चालकों व पैदल यात्रियों—दोनों के लिए सफर जोखिम भरा हो गया है।

यह मार्ग सेवतरी व बॉर्डर डेवलपमेंट रोड से सेखुआनी मुख्य मार्ग को जोड़ता है, जिस पर दिन-रात लोगों का आवागमन रहता है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते सड़क की दशा में कोई सुधार नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से मांग उठाने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिले हैं।
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब ग्राम पंचायत शिवपुरी के टोला श्रीनगर के उत्तर स्थित पुल की बात आती है। पुल के पास पानी के कटान से सड़क का दक्षिणी हिस्सा टूटकर नाले में समा गया है। पुल से सटे मार्ग का एक भाग धंस चुका है, जिससे आवागमन जानलेवा बन गया है। ग्रामीण मजबूरी में जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजर रहे हैं।
ग्रामीणों- अहमद, मेहताब, हरि चौधरी, दीपक पाण्डेय, कासिम, जमातुल्लाह, सहाबुद्दीन, राजन विश्वकर्मा, राजेन्द्र, राकेश, सुनील कुमार चौधरी, आफताब, मुस्तकीम, अब्दुल कयूम, अंगद यादव सहित अन्य ने बताया कि सड़क व पुल की मरम्मत के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण, पुल के पास कटान-रोधी कार्य और आवश्यक सुरक्षा उपाय कराए जाएं, ताकि रोज़मर्रा की आवाजाही सुरक्षित हो सके। लोगों को उम्मीद है कि अब तो जिम्मेदार इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर राहत दिलाएंगे।


