Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

दृष्टि दिव्यांगों के लिए नई रोशनी, लखनऊ में शुरू हुआ प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय स्तरीय ब्रेल पुस्तकालय

दृष्टि दिव्यांगों के लिए नई रोशनी, लखनऊ में शुरू हुआ प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय स्तरीय ब्रेल पुस्तकालय

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समावेशी शिक्षा और दिव्यांग सशक्तिकरण की नीति को साकार करते हुए डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में प्रदेश के पहले राज्य विश्वविद्यालय स्तरीय ब्रेल पुस्तकालय अनुभाग का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक ब्रेल पुस्तकालय का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने स्वामी विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय के प्रथम तल पर किया।

उद्घाटन से पूर्व कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित ब्रेल प्रेस में ब्रेल लिपि के जनक लुई ब्रेल की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात फीता काटकर पुस्तकालय अनुभाग का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि ब्रेल लिपि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ती है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि पुस्तकालय में विश्वविद्यालय के ब्रेल प्रेस से प्रकाशित यूजी व पीजी स्तर के 54 पाठ्यक्रमों की एनईपी आधारित 4000 से अधिक ब्रेल पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही यहां 150 से अधिक विद्यार्थियों की क्षमता वाला आधुनिक रीडिंग रूम भी विकसित किया गया है।

पुस्तकालय प्रभारी प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि इस वर्ष ब्रेल पुस्तकों की संख्या बढ़ाकर 10 हजार करने का लक्ष्य है। यह पुस्तकालय केवल विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाहरी दृष्टि दिव्यांगों के लिए भी सदस्यता के माध्यम से खुला रहेगा। इस पहल पर दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!