महराजगंज: पनियरा ब्लॉक सभागार में बुधवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की पूर्व निर्धारित बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, चल रही योजनाओं की प्रगति और मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यक्रम पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के मुख्य अतिथि विधायक ज्ञानेंद्र सिंह रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके पश्चात खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने सदन के समक्ष ब्लॉक अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदस्यों से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और आवश्यक सहयोग देने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला ने ब्लॉक परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सभागार, कर्मचारियों के लिए कार्यालय भवन तथा आवासीय सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पनियरा ब्लॉक को विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है।
मुख्य अतिथि विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने ब्लॉक में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से पनियरा ब्लॉक लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयनाथ सिंह, एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद, एबीएसए शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


