Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

तीन देशों की यात्रा पर पीएम मोदी, जॉर्डन-इथियोपिया-ओमान से रिश्ते होंगे और मजबूत, कूटनीति को मिलेगा नया आयाम

तीन देशों की यात्रा पर पीएम मोदी, जॉर्डन-इथियोपिया-ओमान से रिश्ते होंगे और मजबूत, कूटनीति को मिलेगा नया आयाम

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से तीन देशों के महत्वपूर्ण विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के तहत वे जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान का दौरा करेंगे। यह यात्रा भारत की सक्रिय और संतुलित विदेश नीति को दर्शाने के साथ-साथ मध्य पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र में भारत की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का पहला चरण जॉर्डन से शुरू हुआ। किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के निमंत्रण पर वे हाशमाइट किंगडम पहुंचे हैं। दो दिन की इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और किंग अब्दुल्ला के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, सुरक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग समेत सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही दोनों नेता पश्चिम एशिया से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

विदेश मंत्रालय द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। इसे दोनों देशों के बीच आपसी विकास, समृद्धि, शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

जॉर्डन के बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 दिसंबर को इथियोपिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह उनकी इथियोपिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली से मुलाकात करेंगे।

दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, विकास सहयोग और क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही यह यात्रा अफ्रीकी देशों के साथ भारत की साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा का अंतिम चरण 17 और 18 दिसंबर को ओमान में संपन्न होगा। सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा भारत और ओमान के बीच 70 वर्षों से चले आ रहे राजनयिक संबंधों की मजबूती को दर्शाती है।

इस दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, कृषि और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की सहयोग योजनाओं पर चर्चा होगी।

राजनयिक विशेषज्ञों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का यह तीन देशों का दौरा भारत की वैश्विक कूटनीति को नई गति देगा और भारत को एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में और मजबूत करेगा।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!