Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

राम रतन पी.जी. कॉलेज में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस, संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया गया संकल्प

राम रतन पी.जी. कॉलेज में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस, संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया गया संकल्प

महराजगंज: पनियरा ब्लॉक स्थित राम रतन पी.जी. कॉलेज, रामपुर मंसूरगंज में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पूरे कॉलेज परिसर को राष्ट्रीय ध्वज, पोस्टरों और देशभक्ति नारों से सजाया गया, जिससे हर ओर उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के संरक्षक एवं मुख्य अतिथि रामरतन यादव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रगान के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने संविधान के मूल्यों लोकतंत्र, समानता और न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारत की एकता, अखंडता और विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न संकायों के टॉपर्स को मेडल, घड़ी और स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में कड़ी मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना और मजबूत हुई।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुरक्षा बलों में चयनित महाविद्यालय के 17 छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रबंधक रामचन्द्र यादव ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की बात कही। वहीं प्राचार्य डॉ. नागेश्वर सिंह ने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए ईमानदारी, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

समारोह का संचालन डॉ. दिनेश कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!