Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

रामलीला मैदान बनेगा खुशियों का मण्डप, 11 दिसंबर को होगा चार ब्लॉकों की बेटियों का सामूहिक विवाह, तैयारियां तेज

रामलीला मैदान बनेगा खुशियों का मण्डप, 11 दिसंबर को होगा चार ब्लॉकों की बेटियों का सामूहिक विवाह, तैयारियां तेज

बुलंदशहर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शिकारपुर में होने वाला बड़ा सामाजिक आयोजन अब पूरी तरह तैयारियों के अंतिम चरण में पहुँच गया है। आगामी 11 दिसंबर, दिन गुरुवार, को शिकारपुर के रामलीला मैदान में चार ब्लॉकों की कन्याओं का विवाह सामूहिक रूप से संपन्न कराया जाएगा।

यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का उदाहरण बनेगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत भी साबित होगा।

कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, शिकारपुर, पहासू, डिबाई और दानपुर ब्लॉकों से चयनित वैवाहिक जोड़े इस सामूहिक विवाह समारोह में सम्मिलित होंगे।

सभी जोड़ों के विवाह की व्यवस्थाएँ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार की जा रही हैं। विवाह के बाद प्रत्येक दंपत्ति को सरकारी सहायता और आवश्यक गृहस्थी सामग्री भी प्रदान की जाएगी।

बीडीओ शिकारपुर विभोर गुप्ता ने बताया कि पूरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। सभी जोड़ों को समय पर स्थल पर पहुँचाने, मंच साज-सज्जा, पंडाल, खानपान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास निर्देश जारी किए गए हैं।

वहीं समाज कल्याण विभाग के एडीओ नरेंद्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।

स्थल पर बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को प्राथमिकता के साथ तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए एक वरदान सिद्ध हो रही है, जिससे वे सम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत कर सकें।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!