Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

अफवाह बनी अफरा-तफरी की वजह, डीज़ल-पेट्रोल के लिए पंपों पर लगी लंबी कतारें, जानिए पूरा अपडेट

अफवाह बनी अफरा-तफरी की वजह, डीज़ल-पेट्रोल के लिए पंपों पर लगी लंबी कतारें, जानिए पूरा अपडेट

महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार को पेट्रोल और डीजल की कमी तथा दामों में संभावित बढ़ोतरी की अफवाह फैलते ही हालात अचानक बदल गए। ग्रामीण इलाकों और कस्बों में खबर तेजी से फैलने पर लोग घबराकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति ऐसी हो गई कि कुछ लोग गैलन और डिब्बों में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंच गए। हालांकि पंप संचालकों ने नियमों का पालन करते हुए ऐसे बर्तनों में ईंधन देने से साफ इनकार कर दिया।

परसामलिक थाना क्षेत्र में कुल तीन पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें से दो बीते दो दिनों से ईंधन उपलब्ध न होने के कारण बंद पड़े हैं। ऐसे में सेखुआनी स्थित किसान सेवा केंद्र (इंडियन ऑयल) पर पेट्रोल-डीजल मिलने की सूचना मिलते ही वहां सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

वहीं, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के परसासुमाली टोला नौडिहवा में भी लोगों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां निर्धारित नियमों के तहत ईंधन वितरण किया गया।

किसान सेवा केंद्र के संचालक अनुपम पाण्डेय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक भंडारण से बचने की सलाह दी।

उधर, प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!