कुशीनगर: सेवरही विकासखंड के ग्राम सभा बसडिला बुजुर्ग में शुक्रवार 5 दिसंबर को स्वर्गीय मैनावती देवी की 18वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर उनके पुत्र समाजसेवी संजय लाल श्रीवास्तव द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विद्वान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव ने संबोधन में कहा कि मां जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा और पहली गुरु होती है। उन्होंने कहा कि मां-बेटे का रिश्ता दुनिया का सबसे पवित्र और अटूट संबंध है, जिसके मार्गदर्शन से व्यक्ति जीवन में सफलता प्राप्त करता है।
पूर्व विधायक पं. नंदकिशोर मिश्रा ने मां को देवी स्वरूप बताते हुए कहा कि घर की मां ही असली शक्ति होती है, जिनके आशीर्वाद से सुख और समृद्धि मिलती है।
भाजपा नेत्री अर्चना पांडेय ने कहा कि मां जीवित हो या स्वर्गवासी, वह हमेशा अपने बच्चों की कुशलता ही चाहती है। सभा की अध्यक्षता संत दिव्य सागर महाराज ने की और संचालन साहित्यविद् नंदा पांडेय ने किया।
कार्यक्रम में चेयरमैन विनय जायसवाल, प्रेमचंद मिश्रा, डॉ. बच्चा पांडेय, त्रिभुवन जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। हजारों ग्रामीणों ने स्व. मैनावती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।


