कुशीनगर: सेवरही विकासखंड अंतर्गत सलेमगढ़ बाजार में शनिवार को देश की प्रथम महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक एवं नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के दौर में महिलाओं तथा वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। बालिकाओं की शिक्षा हेतु विद्यालय स्थापित कर उन्होंने नारी चेतना को नई दिशा दी और समाज में समानता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता धनंजय राय ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षा को उन्होंने सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र नाथ द्विवेदी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का योगदान भारतीय समाज के इतिहास में अमिट है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान धीरज सैनी, राजू पटेल, ज्ञानेश्वर सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन माता सावित्रीबाई फुले के आदर्शों को अपनाने तथा शिक्षा, समानता और नारी सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।


