Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

पनियरा में पटाखों की चिंगारी बनी आफत, मई में होनी थी बेटी की शादी, आग से सारा सामान जलकर राख

पनियरा में पटाखों की चिंगारी बनी आफत, मई में होनी थी बेटी की शादी, आग से सारा सामान जलकर राख

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरकटहां के रजही टोला में मंगलवार को एक हादसे ने गरीब परिवार की खुशियों को राख में बदल दिया। पटाखे की चिंगारी से लगी आग ने जग्गू निषाद के घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा शादी का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, पड़ोस के घर के बच्चे पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक चिंगारी उड़कर जग्गू निषाद की झोपड़ी पर जा गिरी, जिससे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा दहेज का सामान, कपड़े व अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं।

पीड़ित जग्गू निषाद ने बताया कि उनकी छोटी बेटी की शादी आगामी 8 मई को तय है। आर्थिक तंगी के बावजूद वह लंबे समय से धीरे-धीरे शादी का सामान इकट्ठा कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।

परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें दोनों पुत्रों और बड़ी बेटी की शादी पहले ही हो चुकी है। अब छोटी बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। जग्गू स्वयं राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा परदेश में मजदूरी करता है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

इस संबंध में हल्का लेखपाल ऋषभ दूबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके का संज्ञान लिया गया है और रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!