Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज में मंदिर विवाद ने पकड़ा तूल, तीन युवक हिरासत में, पुलिस की निगरानी में गांव

महराजगंज में मंदिर विवाद ने पकड़ा तूल, तीन युवक हिरासत में, पुलिस की निगरानी में गांव

महराजगंज: नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा उर्फ खोरिया में शनिवार को एक बार फिर धार्मिक विवाद को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ दिन पूर्व शिव मंदिर परिसर में मांस फेंके जाने की घटना से गांव का माहौल पहले ही संवेदनशील बना हुआ था, वहीं अब मंदिर की बाउंड्री वॉल पर लगी सुरक्षा कीलों को उखाड़े जाने की घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया।

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल पर लोहे की नुकीली कीलें लगाई गई थीं। शनिवार को ग्रामीणों ने देखा कि कई कीलें उखाड़ी जा चुकी हैं। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में चर्चा तेज हो गई और लोगों की भीड़ मंदिर परिसर के पास जुटने लगी।

इसी दौरान मंदिर के सामने रहने वाले दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से ग्रामीणों ने इस संबंध में पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों को शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं खोरिया निवासी विशाल पुत्र दीनानाथ वर्मा ने थाने में तहरीर देकर चार महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोगों पर मंदिर को क्षति पहुंचाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है।

क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!