बुलंदशहर: सर्दी के मौसम में पहले घने कोहरे ने दस्तक देकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अल्प सुबह से ही जनपदभर में कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
सुबह के समय जब लोग नींद से जागे तो चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ था। दिसंबर का दूसरा सप्ताह पूरा होते ही ठंड का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। कड़ाके की ठंड और कोहरे की वजह से आम जनजीवन प्रभावित रहा। करीब 11 बजे के बाद कोहरा छंटा और धूप निकलने पर लोगों को कुछ राहत मिली।
ठंड और कोहरे के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे। शाम ढलते ही ठंड और बढ़ गई, जिसके चलते कई व्यापारियों ने समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दीं।
वहीं पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान गति नियंत्रित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और सावधानीपूर्वक यात्रा करें, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।


