बुलंदशहर: रानीवाला चौराहे से मेरठ–बदायूं हाईवे होते हुए अनूपशहर रोड की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों खस्ताहाल हो चुका है। यह वही मार्ग है जो क्षेत्र के सांसद भोला सिंह के पैतृक गांव से होकर गुजरता है, फिर भी सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात के बीच जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

इस संपर्क मार्ग से रानीवाला, मीरापुर, बोहिच, हजरतपुर और मामऊं जैसे कई गांव जुड़े हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को बने ज्यादा समय नहीं हुआ है, फिर भी डामर जगह-जगह टूट चुका है और बारिश के बाद से गड्ढों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति का संज्ञान नहीं ले रहे हैं।
हजरतपुर गांव में तो हालात और खराब हैं, जहां प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बना सीसी मार्ग भी उखड़ने लगा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण सीसी रोड शुरुआती महीनों में ही टूटना शुरू हो गया है।
पूर्व ग्राम प्रधान पति नरेश गौतम ने बताया, “हजरतपुर में बनी सीसी रोड में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसी वजह से सड़क अभी से उखड़ने लगी है। हमने कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सांसद भोला सिंह की पहल पर बनी थी और इसे पांच वर्ष की गारंटी के साथ स्वीकृत किया गया था। इसके बावजूद निर्माण के इतने कम समय में सड़क का टूटना निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और खराब गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार एजेंसी व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।


