Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

हादसों का हॉटस्पॉट बनी विषखोप-महुआडिह सड़क, हर दिन बढ़ रहा खतरा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

हादसों का हॉटस्पॉट बनी विषखोप-महुआडिह सड़क, हर दिन बढ़ रहा खतरा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

महराजगंज: नौतनवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत विषखोप से महुआडिह टोला को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क अपनी बदहाली की वजह से लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लंबे समय से मरम्मत न होने के चलते यह मार्ग अब सुविधा का नहीं, बल्कि जोखिम भरे सफर का पर्याय बन चुका है

सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह नुकीली गिट्टियां फैल गई हैं। इन हालातों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। आए दिन वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कई लोग चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर सफर करते समय हर पल दुर्घटना का डर बना रहता है।

सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल जाते समय और बुजुर्गों को दैनिक कार्यों के लिए निकलते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय ग्रामीण मनोज कुमार, मकसूद आलम, शिवकुमार, ईश्वर चंद्र यादव, अख्तर हुसैन और युसूफ ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग समस्या से आंखें मूंदे बैठा है।

बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में यह मार्ग किसी बड़े हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाए, ताकि महुआडिह टोले के सैकड़ों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!