कुशीनगर: जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे तीन छात्र घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब बसडिला बुजुर्ग गांव के रहने वाले तीन मित्र एक ही मोटरसाइकिल से फाजिलनगर स्थित परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक घायलों की पहचान रिशु पटेल (पुत्र मनोज पटेल), शिवम् पटेल (पुत्र राजू पटेल) और अंकित प्रजापति (पुत्र सर्वण प्रजापति) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। परीक्षा को लेकर उत्साह और जल्दबाजी में तीनों एक ही मोटरसाइकिल से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनके लिए भारी पड़ गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नेशनल हाईवे एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज भेजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिशु और शिवम् की हालत सामान्य बताते हुए उन्हें घर जाने की सलाह दी। वहीं गंभीर रूप से घायल अंकित प्रजापति की स्थिति चिंताजनक देखते हुए उसे जिला अस्पताल कुशीनगर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की खबर फैलते ही बसडिला बुजुर्ग गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। ग्राम प्रधान लालमन यादव सहित स्थानीय लोगों ने घायलों की कुशलक्षेम की जानकारी ली और पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक ट्रक चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीर आवश्यकता को उजागर करती है।


