Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

न्याय की लड़ाई में व्यापारी उतरे मैदान में, उद्योग व्यापार मंडल ने बुलंदशहर बंद का किया समर्थन

न्याय की लड़ाई में व्यापारी उतरे मैदान में, उद्योग व्यापार मंडल ने बुलंदशहर बंद का किया समर्थन

बुलंदशहर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को सुलभ एवं त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से उच्च न्यायालय की खंडपीठ (हाईकोर्ट बेंच) की स्थापना की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को उद्योग व्यापार मंडल (नरेंद्र) बुलंदशहर ने अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। इसी क्रम में मंडल ने डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन बुलंदशहर द्वारा बुधवार को आहूत बुलंदशहर बंद को सफल बनाने का निर्णय लिया है।

उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच के अभाव में व्यापारियों और आम नागरिकों को अपने कानूनी मामलों के लिए इलाहाबाद अथवा अन्य दूरस्थ स्थानों की लंबी यात्राएं करनी पड़ती हैं। इससे न केवल समय और धन की भारी बर्बादी होती है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। कई मामलों में छोटे व्यापारी न्याय की प्रक्रिया से ही वंचित रह जाते हैं।

मंडल ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट बेंच की स्थापना केवल अधिवक्ताओं की मांग नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों से जुड़ा जनहित का विषय है। त्वरित न्याय व्यवस्था मजबूत होगी तो व्यापार, उद्योग और सामाजिक जीवन भी सुचारु रूप से आगे बढ़ेगा।

इसी को ध्यान में रखते हुए उद्योग व्यापार मंडल (नरेंद्र) ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि बुधवार को जनपद बुलंदशहर की सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानें पूर्ण रूप से बंद रखी जाएंगी। मंडल ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे एकजुट होकर इस आंदोलन का समर्थन करें और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उद्योग व्यापार मंडल ने यह भी दोहराया कि वह डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन बुलंदशहर के इस न्यायोचित संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ा है और सरकार से अपेक्षा करता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की वर्षों पुरानी इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

error: Content is protected !!