Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

समस्याओं को लेकर लोनी के नए ईओ से मिले सभासद, जनसुविधाओं और विकास कार्यों पर उठाई आवाज

समस्याओं को लेकर लोनी के नए ईओ से मिले सभासद, जनसुविधाओं और विकास कार्यों पर उठाई आवाज

गाजियाबाद: नगर पालिका परिषद लोनी में जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर भाजपा सभासद दल ने नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) वैभव त्रिपाठी से मुलाकात कर नगर की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सभासद दल अध्यक्ष पंडित रोहित भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शहर की व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

मंगलवार को हुई इस बैठक में सभासदों ने नगर क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शहर की गलियों में पहचान बोर्ड लगाने और दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने का मुद्दा भी मजबूती से रखा गया।

सभासद दल अध्यक्ष पं. रोहित भारद्वाज ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान होना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और शहरी व्यवस्थाएं अधिक सुचारु होंगी। उन्होंने विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान नगरपालिका कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषय भी सामने आए। सभासदों ने सुझाव दिया कि कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की पांच तारीख तक सुनिश्चित रूप से जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। वहीं पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोर्ड बैठकों का लाइव प्रसारण शुरू करने की मांग भी की गई।

इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों के अंतिम संस्कार के लिए अलग कब्रिस्तान की व्यवस्था, विद्यालयों और धार्मिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाने, लालबाग सब्जी मंडी के स्थानांतरण तथा बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।

नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के बाद सभासदों ने उम्मीद जताई कि नगर की बुनियादी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए जल्द ठोस पहल देखने को मिलेगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!