गोरखपुर: त्योहारों के सीजन से ठीक पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए फूड विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने निजामपुर गुड़ियान टोला स्थित एक मिठाई फैक्ट्री पर छापेमारी की। यहां पर खराब शीरे से ट्रॉफी और बर्फी तैयार कर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई की जा रही थी।
सूचना पर हुई कार्रवाई में विभागीय टीम ने पाया कि फैक्ट्री में बड़ी दुकानों से निकलने वाला खराब शीरा टीनों में जमा किया जाता था। इसमें खराब चीनी और पाउडर मिलाकर मिठाई तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में भारी गंदगी मिली और शीरे में कीड़े पड़े हुए पाए गए। मौके पर ही सहायक आयुक्त खाद्य ने पूरे शीरे को नष्ट करने का निर्देश दिया।
डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि यदि फैक्ट्री का लाइसेंस जारी हुआ है तो उसे निलंबित किया जाएगा। आसपास भी ऐसे ही कार्य करने वालों का पता लगाया जा रहा है। बड़ी दुकानों पर शीरा भंडारण को प्रतिबंधित किया जाएगा और यदि कोई नियम तोड़ेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल टीम ने लगभग 6 कुंतल मिठाई नष्ट की है और नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि मिलावटखोर शहर में खपत न होने पर ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती मिठाई सप्लाई कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अब लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


