महराजगंज: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष (1925-2025) का उत्सव देशभर में धूमधाम से मना रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संघ के मा. सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने हाल ही में संघ पर विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्का जारी किया।
संघ के जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्रा ने जानकारी दी कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार, 2 अक्टूबर 2025 को महराजगंज जिले में विजयादशमी उत्सव का आयोजन बड़े पैमाने पर किया जाएगा। यह आयोजन जिले के दो खण्डों— पनियरा और सदर— में एक साथ संपन्न होगा।
पनियरा खण्ड का मुख्य कार्यक्रम स्व. अभिराज चौरसिया इंटर कॉलेज, मुजुरी में होगा।
सदर खण्ड का आयोजन जनता जूनियर हाई स्कूल, बागापार में किया जाएगा।
इस अवसर पर सुरजीत जी (सह-प्रांत प्रचारक, गोरक्ष प्रांत) मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे संघ के शताब्दी वर्ष की महत्ता और राष्ट्र जीवन में विजयादशमी उत्सव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम के बाद दोनों खण्डों से सैकड़ों स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा, जिसमें संघ के अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभाव की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी।
संघ ने जिले के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।


