गाजियाबाद: लोनी में लोकमाता पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर रविवार को कन्या डिग्री कॉलेज परिसर में पाल बघेल समाज की ओर से विशाल सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोनी बॉर्डर पर विधायक निधि से बनने वाले “लोकमाता अहिल्याबाई होलकर स्मृति द्वार” का शिलान्यास किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री का जेसीबी से पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच भव्य स्वागत किया गया। पाल–बघेल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के योगदान को भारतीय संस्कृति, धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने में अहिल्याबाई होलकर की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।
राजनीतिक विषयों पर बोलते हुए उन्होंने अयोध्या, काशी और मथुरा से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राम मंदिर का निर्माण हुआ, उसी प्रकार शिवभक्तों की भी जीत होगी। साथ ही उन्होंने ज्ञानवापी परिसर और विपक्ष की राजनीति को लेकर भी अपनी बात रखी।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले दलों ने वर्षों तक समाज के कमजोर वर्गों का हित नहीं किया। उन्होंने विधायक राजू पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर कानून के राज को मजबूत किया है।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, सुशासन और जनसेवा की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि विधायक निधि से बनने वाला स्मृति द्वार उनकी गौरवशाली विरासत का स्थायी प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि क्षेत्र के लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों के प्रति पूरी आस्था रखते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों एवं पाल–बघेल समाज का आभार व्यक्त किया।
गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन राष्ट्रसेवा, धर्म और लोककल्याण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी जा सकती है। कार्यक्रम का आयोजन संयोजक रामनिवास पाल तथा अध्यक्ष जगत सिंह पाल के नेतृत्व में किया गया।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख कोमल वंदना गुर्जर, पवन मावी, मयंक गोयल, कृष्ण बंसल, रोहित भारद्वाज, देवेंद्र पाल, डॉ. संजय पाल, डॉ. सुमित पाल, जयप्रकाश बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पाल–बघेल समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रवींद्र होलकर ने किया।


