रामपुर: भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी के प्रथम रामपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संत शिरोमणि रविदास गेस्ट हाउस में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे संगठन की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में देवेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और केंद्र व प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, किसानों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देशभर के करोड़ों किसान उठा रहे हैं। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम समाप्त होने पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज सेवा के कार्यों को और गति देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक बीना भारद्वाज, अभय गुप्ता, हंसराज पप्पू, मोहनलाल सैनी, मोहन कुमार लोधी, भारत भूषण गुप्ता, ऋषि पांडे, रविंद्र सिंह रवि, अर्जुन रस्तोगी, प्रदीप गुप्ता, आकाश सक्सेना, दीपक गुप्ता, कुंवर बहादुर राजपूत, विवेक रुहेला, पारुल अग्रवाल, अनुज सक्सेना, गोपाल गुप्ता, विक्रम सिंह, राजू शर्मा, राजीव मांगलिक, शिरीष गुप्ता, प्रेमपाल सैनी, संजय चौधरी, संजय पाठक, अवधेश शर्मा, करतार सिंह लोधी, शकुंतला लोधी, मोनू चौधरी, महेंद्र मौर्य, योगेंद्र गंगवार सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


