गोरखपुर: जन सहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही डेंगू, मलेरिया और इंसेफेलाइटिस जैसे संचारी रोगों पर पूर्ण नियंत्रण संभव है। यह बात गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन शुक्ल ने रविवार को जिलाधिकारी कार्यालय से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ करते हुए कही।
इस अवसर पर गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा भी उपस्थित रहे। यह अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें 12 विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
सांसद रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है, जिसमें जनता की भागीदारी सबसे अहम रही। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए, जलजमाव नहीं होने देना चाहिए और दूषित भोजन से बचना चाहिए। उन्होंने अपील की कि किसी भी व्यक्ति को बुखार की शिकायत होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच और इलाज कराएं।
इस मौके पर सांसद ने फॉगिंग और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उपस्थित लोगों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ भी दिलाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि इस अभियान में मच्छरों और जलजनित बीमारियों पर नियंत्रण, सफाई व्यवस्था, कृतक नियंत्रण, सुकरबाड़ों के प्रबंधन और जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें आईसीडीएस, शिक्षा, नगर निकाय, पंचायती राज, पशुपालन, कृषि एवं सूचना विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक जिले में इंसेफेलाइटिस के 21, डेंगू के 139 और मलेरिया के 19 मामले सामने आए हैं, जिनमें एक भी मृत्यु नहीं हुई है। वर्ष 2021 से अब तक जापानी इंसेफेलाइटिस से भी कोई मौत दर्ज नहीं हुई है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन डीएचईआईओ के.एन. बरनवाल ने किया।


