महराजगंज: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “ट्रक में RDX ले जाते समय पुलिस ने पकड़ा” शीर्षक वाली खबर को लेकर महराजगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए इसे पूरी तरह असत्य, भ्रामक और निराधार बताया है। पुलिस प्रशासन ने इसे एक फेक न्यूज़ करार देते हुए आमजन से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट में स्पष्ट कहा गया है कि थाना पनियरा क्षेत्र के मुजरी चौराहे पर किसी ट्रक में आरडीएक्स या किसी भी विस्फोटक पदार्थ से जुड़ी कोई घटना घटित नहीं हुई है। न तो किसी वाहन की तलाशी ली गई और न ही किसी व्यक्ति को इस संबंध में गिरफ्तार किया गया है। यह खबर पूरी तरह से मनगढ़ंत है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक और झूठी पोस्टें जनता में भ्रम फैलाने का कार्य करती हैं, जो कि एक दंडनीय अपराध है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसी अफवाहें फैलाने या फर्जी समाचार प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सूचना या घटना की पुष्टि के लिए केवल पुलिस के आधिकारिक स्रोतों या विश्वसनीय माध्यमों पर ही भरोसा करें।
महाराजगंज पुलिस ने यह भी दोहराया कि वह सदैव जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सत्यनिष्ठा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


