महराजगंज: परतावल विकास खंड में गुरुवार को ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संतोष कुमार यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज प्रधानों ने ब्लॉक का मुख्य द्वार बंद कर नारेबाजी की और बीडीओ पर कमीशनखोरी तथा विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक परिसर में काफी देर तक हंगामे का माहौल रहा।
ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि बीडीओ संतोष कुमार यादव मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं में कमीशन की मांग करते हैं। जो प्रधान कमीशन नहीं देते, उनके कार्यों की जांच कराने या भुगतान रोकने की धमकी दी जाती है। इस रवैये के कारण गांवों में चल रहे विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रधान विवेक पटेल ने कहा कि बीडीओ की मनमानी से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उच्च अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सभी प्रधान एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन में विवेक पटेल, बलवंत, अमित सिंह, लालजी चौधरी, शाबिर खान और मुनीब सिंह सहित दर्जनभर प्रधान शामिल रहे।
इस पर बीडीओ संतोष कुमार यादव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थवश माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रधानों से मिलकर समस्याओं का समाधान करने के लिए तैयार हैं।


