महराजगंज: पनियरा विकासखंड के सतगुरु मुजूरी गांव में शनिवार की रात श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल छाया रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा भाजपा नेता निर्भय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
न्यू कंचन इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सुरेश मद्धेशिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर विशाल भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भोजपुरी जगत के प्रसिद्ध कलाकार दीपक दिलदार, खुशी कक्कड़, अभिषेक यादव, भोजपुरिया ललिता, श्याम दीवानी, श्रवण सुल्तानपुरी, मोहन भारद्वाज और आशीष सिंघल ने अपनी सुरीली आवाज़ में भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
भक्ति रस से सराबोर श्रद्धालु देर रात तक “श्याम नाम” के जयकारों पर झूमते रहे। मंच से जब-जब श्याम का नाम गूंजा, पूरा पंडाल “जय श्री श्याम” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम स्थल पर मुजूरी चौकी इंचार्ज मनोज यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पनियरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में पूरी मुस्तैदी दिखाई। भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस जागरण ने पूरे क्षेत्र को आस्था और भक्ति से सराबोर कर दिया।


