महराजगंज: निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बुधवार को पनियरा ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। बैठक से पहले उनका आगमन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया, जब उन्होंने पनियरा कस्बे से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक मोटरसाइकिल चलाकर पहुंचने का निर्णय लिया।
मंत्री के साथ समर्थकों का एक बड़ा काफिला नारे लगाते हुए चल रहा था। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। कई जगह स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के इस अंदाज़ की सराहना की।
ब्लॉक परिसर पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में उपस्थित हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के बीच डॉ. निषाद ने संगठन की मजबूती और समाज के लिए चल रही योजनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निषाद समाज का हित और सम्मान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे राजनीति में समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के उद्देश्य से आए थे और मंत्री पद पर रहते हुए भी यही लक्ष्य उनके लिए सर्वोपरि है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता और सक्रियता का संदेश देते हुए कहा कि जब समाज एक होकर खड़ा होता है, तभी उसकी आवाज प्रभावी होती है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और आने वाले राजनीतिक अवसरों के लिए स्पष्ट रणनीति साझा की।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई। कार्यक्रम स्थल पर एसडीएम सदर, सीओ सदर, थानाध्यक्ष पनियरा सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।


