बुलंदशहर: जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गेहूँ और धान की तरह अब दलहन और तिलहन फसलों की सरकारी खरीद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शुरू कर दी गई है। शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह अभियान 90 दिनों तक चलेगा और 29 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता बुलन्दशहर अमित कुमार त्यागी ने बताया कि सरकार के निर्देश पर पीसीयू एजेंसी द्वारा नवीन मंडी स्थल, बुलन्दशहर में केन्द्रीय उपभोक्ता भंडार लिमिटेड का क्रय केंद्र स्थापित किया जा चुका है। यहां किसान अपने पंजीकरण प्रमाण-पत्र के साथ फसल लाकर निर्धारित समर्थन मूल्य पर बिक्री कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार दलहन और तिलहन की खरीद को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। केंद्र पर तौल, भंडारण, भुगतान और आवागमन की सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
एमएसपी दरें (प्रति कुंतल)
मूंग : ₹8768
मूंगफली : ₹7263
उड़द : ₹7800
तिल : ₹9846
अमित कुमार त्यागी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और बाजार में दलहन-तिलहन की स्थिरता बनाए रखना है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे समय पर पंजीकरण कराकर इस लाभकारी योजना का पूरा फायदा उठाएँ।


