गाजियाबाद: बढ़ती ठंड और धीमी होती हवा के बीच गाजियाबाद की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। शनिवार को शहर का एक्यूआई 343 दर्ज किया गया, जिसके साथ गाजियाबाद देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। राजधानी के पास बसे इस शहर में हवा की तेज रफ्तार और खुली धूप होने के बावजूद प्रदूषण स्तर में गिरावट नहीं आई।
विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दिशा और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण प्रदूषक कण ऊपर नहीं उठ पा रहे और ज़मीन के नज़दीक जमा हो रहे हैं। शनिवार को हवा की गति लगभग 10 किमी प्रतिघंटा रही, जबकि दिनभर धूप भी निकली, लेकिन इन परिस्थितियों का भी कोई सकारात्मक असर नहीं दिखा।
जिले के चार प्रमुख निगरानी केंद्रों में से लोनी सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां एक्यूआई 398 दर्ज हुआ। इंदिरापुरम में 305, संजयनगर में 325 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया, जबकि वसुंधरा स्टेशन तकनीकी खराबी के कारण डेटा नहीं दे सका।
उधर, तापमान में भी हल्की बढ़ोत्तरी देखी गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले पांच दिनों के आंकड़े बताते हैं कि एक्यूआई लगातार 300 से ऊपर बना हुआ है, जो गाजियाबाद की हवा में गंभीर प्रदूषण का संकेत है।
इस बीच यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि जिले में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। औद्योगिक इकाइयों की जांच, कचरा जलाने पर रोक और निर्माण स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। उनका दावा है कि आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिलेगा।
पांच दिनों के एक्यूआई और तापमान से साफ है कि प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा, और यदि हालात ऐसे ही रहे तो गाजियाबाद के लिए आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
पिछले पांच दिनों का एक्यूआई व तापमान
तिथि — AQI — अधिकतम — न्यूनतम
6 दिसंबर — 343 — 22.7° — 11°
5 दिसंबर — 321 — 21.2° — 9.5°
4 दिसंबर — 302 — 22°0 — 7.9°
3 दिसंबर — 324 — 21.5° — 10.2°
2 दिसंबर — 361 — 23°0 — 11.1°


