बुलंदशहर: जनपद में लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) से गोवंश की सुरक्षा के लिए 10 से 25 दिसंबर 2025 तक निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिले के सभी पशुपालकों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि एलएसडी एक विषाणुजनित बीमारी है जो पशुओं में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है।

इस बीमारी के लक्षणों में तेज बुखार, आंख-नाक से स्राव, पैरों में सूजन और पूरे शरीर पर कठोर गांठें शामिल हैं। गंभीर स्थिति में दूध उत्पादन में कमी, गर्भपात और पशु मृत्यु जैसी परिस्थितियाँ भी देखने को मिल सकती हैं।
अभियान संचालन के लिए डॉ. सुमेश चन्द्र गुप्ता को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। वे सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पशुपालकों को जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
इसके अलावा पशुचिकित्सालय सदर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां प्रभारी अनिल कुमार से मोबाइल नंबर 9410434569 पर संपर्क किया जा सकता है, साथ ही हेल्पलाइन 1962 भी उपलब्ध है।
पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने सभी गोवंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। यदि किसी पशु में एलएसडी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम पशुचिकित्साधिकारी को सूचित करें। प्रभावित पशुओं को मच्छर-मक्खियों से बचाने और मृत पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की भी सख्त सलाह दी गई है।


