Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

खनन माफिया पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, महराजगंज में बिना परमिट चल रहे कई डंपर सीज, कार्रवाई से मचा हड़कंप

खनन माफिया पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, महराजगंज में बिना परमिट चल रहे कई डंपर सीज, कार्रवाई से मचा हड़कंप

महराजगंज: जनपद में अवैध खनन तथा बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन के विरुद्ध पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान सिल्ट/मिट्टी से लदे कुल 9 डंपरों को सीज किया गया। यह डंपर बिना किसी वैध परमिट के कुशीनगर से महराजगंज होते हुए गोरखपुर की ओर ले जाए जा रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, खनन अधिकारी अजीत कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी एवं थानाध्यक्ष श्यामदेउरवां अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि कुशीनगर जनपद के ग्राम सोहसा मठिया स्थित खजुरिया नहर ब्रांच से नहर की सिल्ट/मिट्टी को मानक से अधिक मात्रा में डंपरों में लादकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर प्रशासनिक और पुलिस टीम ने पिपरपाती एनएच रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध डंपरों को रोका गया। जांच के समय डंपर चालकों द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज, परमिट या रॉयल्टी रसीद प्रस्तुत नहीं की जा सकी। साथ ही वाहनों में मानक से अधिक लोड पाया गया।

नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन से जुड़े मामले की पुष्टि होने पर सभी नौ डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। सीज किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना श्यामदेउरवां गेट के पास अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए खड़ा कराया गया है।

सीज किए गए डंपरों में यूपी 65 एनटी 5756, यूपी 65 एलटी 7195, यूपी 65 एनटी 7194, यूपी 35 एटी 7417, यूपी 35 बीटी 9188, यूपी 35 एटी 7416, यूपी 65 एलटी 1555, यूपी 35 एनटी 9187 एवं यूपी 35 बीटी 9189 शामिल हैं। डंपर चालकों के निवासी जनपद गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, उन्नाव और फतेहपुर बताए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बिना परमिट खनिज परिवहन से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, बल्कि इससे सरकारी राजस्व को भी भारी क्षति होती है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!