कुशीनगर: शुक्रवार 26 दिसंबर को तरया सुजान पठानी टोला स्थित ईडन गार्डन ग्राउंड में तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला तमकुही रोड और तरया पठानी टोला की टीमों के बीच खेला गया, जो रोमांच और सस्पेंस से भरपूर रहा।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर राइजिंग स्टार तमकुही रोड के कप्तान अविनाश सिंह ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 170 रन बनाए और प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने 171 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य चुनौतीपूर्ण था, जिसने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों की उत्सुकता बढ़ा दी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेंजर्स इलेवन तरया पठानी टोला की टीम ने पूरे जज्बे और मेहनत के साथ खेल दिखाया, लेकिन तमकुही रोड की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह तमकुही रोड की टीम ने 38 रन से फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए नकुल को मैन ऑफ द मैच चुना गया, वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के चलते मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी नकुल को ही मिला।
इस सफल और रोमांचक टूर्नामेंट के आयोजक दानिश अहमद खान रहे, जो पिछले 15 वर्षों से खान मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का लगातार आयोजन कर रहे हैं। आयोजन समिति में सोनू खान, जीशान खान, आरिफ खान, अजान खान, जहान खान, सलाहुद्दीन खान, सुन्नी पाजी, बिट्टू शामिल रहे। निर्णायक की भूमिका राजा खान और साहिल खान ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अब्दुल रहमान और ऐनुल्लाह ने संभाली।
मुख्य अतिथि पूर्व छात्र नेता किसान पीजी कॉलेज बैजनाथ बैजू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा और ऊर्जा देते हैं। उन्होंने दानिश खान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना है।
मैच के दौरान जावेद खान, आरिफ खान, जादूगर, हाफिज हामिद रजा, दीपक राय, आसिफ खान, अय्यूब खान सहित सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


