Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कुशीनगर में घने कोहरे का कहर, हाईवे पर कंटेनर-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, घंटों फंसा रहा यातायात

कुशीनगर में घने कोहरे का कहर, हाईवे पर कंटेनर-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, घंटों फंसा रहा यातायात

कुशीनगर: रविवार की सुबह जनपद में घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया। सलेमगढ़ टोल प्लाजा के आगे नेशनल हाईवे-28 पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण नव-निर्मित फ्लाईओवर के कट के पास एक कंटेनर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लग्जरी बसों, ट्रकों और छोटे वाहनों सहित सैकड़ों वाहन करीब चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। यात्रियों को ठंड और कोहरे के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बहादुरपुर के प्रभारी विक्रम अजित सिंह एवं उपनिरीक्षक अरविंद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एनएचएआई के सहयोग से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने का कार्य शुरू कराया। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया।

बिहार के गोपालगंज की तरफ़ जाने वाले वाहनों को नुनिया पट्टी, सलेमगढ़, तरयालक्षीराम, अहिरौली दान और तिनफेडिया मार्ग से भेजा गया, जिससे यातायात का दबाव कम हो सका। पुलिस के बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के चलते धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और लगभग चार घंटे बाद हाईवे पर आवागमन सुचारू कराया जा सका।

वाहन चालकों और यात्रियों ने समय पर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए तरया सुजान क्षेत्र की पुलिस चौकी बहादुरपुर की सराहना की।

author

Related Articles

error: Content is protected !!