Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

कुशीनगर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संदेश, डॉ. दिनेश शर्मा ने किया युवाओं से आह्वान

कुशीनगर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संदेश, डॉ. दिनेश शर्मा ने किया युवाओं से आह्वान

कुशीनगर: स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर सेवरही विकासखंड के ग्राम सभा तरया लक्षिराम स्थित जीवन जागृत ज्योति मिशन परमहंस धाम में एक भव्य एवं अनुशासित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों और दर्शन को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से युवाओं तक पहुँचाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन एवं अध्यक्षता सेवरही के पूर्व विधायक पं. नंदकिशोर मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल जी, संघ प्रचारक (पूर्वी उत्तर प्रदेश) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समयबद्धता और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में पं. नंदकिशोर मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए आत्मविश्वास, ऊर्जा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को विश्व मंच पर स्थापित किया। उन्होंने विवेकानंद और उनके गुरु परमहंस से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता, सेवा और त्याग का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि अनिल जी ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन के ऐतिहासिक संबोधन को याद करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है।

कार्यक्रम में सांसद, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

author

Related Articles

error: Content is protected !!